आजमगढ़। जनपद पहुँचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर तीखे तंज कसे। उन्होंने केदारनाथ मंदिर निर्माण को ‘दिखावा’ बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति ‘वोट के देवता’ के इर्द-गिर्द घूमती है। यूजीसी के मुद्दे पर भी उन्होंने अपनी राय रखी और कहा, ‘तेल नहीं, तेल की धार देखिए।’ भाजपा प्रवक्ता के इस बयान के कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।


नगर के बाइपास मार्ग पर एक अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा केदारनाथ मंदिर बनाने की बात केवल दिखावटी राजनीति है। त्रिपाठी ने कहा, ‘जो वोट के देवता को ही पूछते हैं, वे भगवान राम को क्या पूछेंगे!
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के विकास पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना सपा की नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देन है। उन्होंने कहा कि आज पूर्वांचल तेज़ी से विकास कर रहा है और यह क्षेत्र अब रोजगार और कृषि के नए अवसरों की पहचान बना रहा है।


यूजीसी बिल पर पूछे गए सवाल पर त्रिपाठी ने मुस्कुराते हुए कहा, “थोड़ा इंतजार कीजिए, अभी कई बिल लोकसभा में पेश होने हैं… तेल नहीं, तेल की धार देखिए।” उनके इस बयान के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।