आजमगढ़। जिले  के सगड़ी तहसील के ऊलमापुर गांव में एक सहखातेदार ने अपने पैतृक खेत की फर्जी पैमाईश का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है।


ऊलमापुर गांव निवासी आशीष कुमार ने बताया कि उनका परिवार गाटा संख्या 19 में एक-तिहाई हिस्सेदार है। इसमें कुल चार सहखातेदार हैं। आशीष का आरोप है कि अन्य हिस्सेदारों ने बिना उनकी जानकारी के वर्ष 2022 में खेत की पक्की पैमाईश करवा ली और फर्जी फील्ड बुक बनवा कर अपने पक्ष में आदेश करा लिया।

आशीष कुमार ने कहा कि वर्ष 2025 में राजस्व निरीक्षक उसी फर्जी फील्ड बुक के आधार पर उनके खेत के चारों ओर पत्थर गाड़ दिए। विरोध करने के बावजूद कार्रवाई नहीं रोकी गई। जब उन्होंने तहसील जाकर जमीन की नकल निकाली तो पता चला कि उनके हिस्से की लगभग दो लट्ठा जमीन पर गलत तरीके से पत्थर गाड़ दिए गए थे।

पीड़ित ने  प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।