आज़मगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक तिलसड़ा गांव का निवासी था और वर्तमान में देवईत में रहकर गल्ले का व्यवसाय करता था। हादसे के समय वह अपने बड़े भाई के साथ दुकान बंद करके बुधवार रात करीब नौ बजे अहियाई बाजार की ओर निकला था। इसी दौरान इब्राहिमपुर निवासी हीरालाल चौहान (24) और उनके साथी जक्शन चौहान (18) भी देवईत बाजार सामान लेने जा रहे थे।
तेज रफ्तार की वजह से देवईत बाजार स्थित मार्ग पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गल्ला व्यवसायी सुरेंद्र गुप्ता उर्फ चिंटू (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मेंहनगर थाना प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस से पीजीआई चक्रपानपुर भेजवाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटे थे और सभी अलग-अलग कारोबार करते हैं। उनकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
