आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ की कबड्डी टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया। पुरुष प्रतियोगिता में टीम ने उत्कल विश्वविद्यालय, उड़ीसा को 64-23 के भारी अंतर से हराया।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मिली इस खुशखबरी ने सभी को उत्साहित कर दिया। कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने कुलपति प्रो. संजीव कुमार के नेतृत्व और उनकी दूरदर्शिता की सराहना की। परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार और सहायक कुल सचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव ने छात्रों के परिश्रम और विश्वविद्यालय की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने के प्रयास की प्रशंसा की।
क्रीड़ा सचिव प्रो. प्रशांत राय ने बताया कि टीम ने एकाग्रचित और समर्पित प्रयास से यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, विशेषकर कुलपति प्रो. संजीव कुमार, का आभार व्यक्त किया जिन्होंने संसाधन उपलब्ध कराते हुए कबड्डी टीम को प्रतियोगिता में भेजने का निर्णय लिया। कुलपति ने इसे टीम भावना की जीत बताया और छात्रों एवं टीम के प्रशिक्षकों को बधाई दी।
कबड्डी टीम के चयन और प्रशिक्षण में प्रो. अभिमन्यु यादव, प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह, प्रो. अफसर अली, प्राचार्य परिषद अध्यक्ष प्रो. विजय राय, प्रो. संत कुमार यादव, प्रो. जय सिंह, प्रो. गीता सिंह, प्रो. मदन मोहन पांडे, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. देवेंद्र पांडे, डॉ. जयप्रकाश यादव एवं अन्य गैर-शिक्षक कर्मचारी शामिल थे। कुलपति के सहायक भूपेंद्र पांडे और विपिन शर्मा ने भी टीम के मार्गदर्शन में सहयोग दिया।
क्रीड़ा सचिव ने छात्रों को बधाई देते हुए उनकी और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि न केवल खेल में बल्कि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय पहचान को भी मजबूती प्रदान करती है।
