
वारणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने मेंहदीगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी से की। इससे पहले उन्होंने जब हर-हर महादेव का उद्घोष किया तो पूरा पंडाल भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।
काशी के हमरे परिवार के लोगन के हमार प्रणाम…। आज सब लोग यहां हमें आपन आशीर्वाद देला, हम इ प्रेम कबो न भूलब। काशी हमार हाै हम काशी क हई। पीएम के मुंह से भोजपुरी सुन भीड़ का भाव ही बदल गया।
उन्होंने कहा कि मेरी काशी प्रगतिशील भी है। कहा कि काशी अब पूर्वांचल के नक्शे के केंद्र में है। जाैने काशी के स्वयं महादेव चलउलन आज उहे काशी पूर्वांचल के विकास क नक्शा खींचत हाै। पीएम ने कहा कि विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण से पूरे पूर्वांचल का विकास होगा। काशी में अब विकास की दिशा में मील का पत्थर बनने वाली है।
कहा कि बनास और बोनस… ये कोई उपहार नहीं, आपकी तपस्या का फल है। ये बोनस आपके पसीने का आपके परिश्रम का तोहफा है। कहा कि मेरी काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बन रही है। दिल्ली, मुंबई के बड़े-बड़े अस्पताल अब आपके घर के पास आ गए हैं। यही तो विकास हैं, जहां सुविधाएं लोगों के पास आती हैं।
काशी के विकास का किया जिक्र
पीएम ने कहा कि अपने इलाज के पइसा क चिंता मत करा। आयुष्मान कार्ड से आपके इलाज क पैसा अब सरकार देई। कहा कि आज काशी होकर जो भी गया वो यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं की चर्चा करता है। बाबा विश्वनाथ और मां गंगा सहित काशीवासी सभी को आकर्षित करते हैं।
अब फुलवरिया के फ्लाईओवर बन गयल हाै। अब रास्ता भी छोटा हो गयल आउर समय भी बचत हाै, जीवन भी राहत में हाै। जाैनपुर और गाजीपुर के साथ बलिया, मऊ के लोगों वाराणसी के भीतर से जाना होता था, जाम में फंसे रहते थे। रिंगरोड बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत मिली। कहा कि केहू के गाजीपुर जायके हाै त कई घंटा लगत रहल। अब गाजीपुर, जाैनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़ हर शहर में जाने और पहुंचने का रास्ता चाैड़ा हो गया।
पीएम मोदी ने कहा कि भिखारीपुर और मंडुवाडीह में फ्लाईओवर की मांग लंबे समय से हो रही थी। हमके खुशी हाै कि इहो मांग पूरा होए जात हाै। बनारस शहर और सारनाथ को जोड़ने के लिए नया पुल भी बनने जा रहा है। अब सारनाथ जाने के लिए शहर के अंदर से नहीं जाना होगा। इससे रफ्तार और कारोबार भी बढ़ेगा।