रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। हत्या के एक अभियुक्त को पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर मुकदमा दर्ज कराने का मामला सामने आया है। थाना कप्तानगंज पुलिस ने जांच के दौरान पूरे षड्यंत्र का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 182/2026 के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध तथ्य मिले, जिसके बाद गहन जांच की गई। जांच में पता चला कि कथित अपहरण की घटना पूरी तरह से फर्जी थी और इसे सुनियोजित तरीके से रचा गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि गाजीपुर जनपद में हुई एक हत्या के मामले में नाम आने के बाद संबंधित व्यक्ति पुलिस कार्रवाई से बचना चाहता था। इसी उद्देश्य से उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और परिजनों के साथ मिलकर अपहरण की झूठी कहानी तैयार कर मुकदमा दर्ज करा दिया, ताकि हत्या की जांच को भटकाया जा सके।

थाना कप्तानगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को जेहरा-पिपरी तिराहे के पास से शैलेश कुमार दुबे (47 वर्ष) पुत्र महेन्द्र नाथ दुबे निवासी रूहीपुर, थाना कोतवाली, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 182/2026, धारा 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिन्द, कांस्टेबल मुकेश कुमार यादव एवं रिजर्व कांस्टेबल धर्मेन्द्र जायसवाल की टीम ने अंजाम दिया।

पुलिस जांच में खुला राज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के मुकदमे से बचने और विवेचना को गुमराह करने के उद्देश्य से अपहरण की साजिश रची गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।