रिपोर्ट___अरुण यादव
रिपोर्ट___अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में पारिवारिक विवादों को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए चलाए जा रहे ‘नई किरण’ परिवार परामर्श प्रकोष्ठ के माध्यम से एक और प्रकरण का सफल निस्तारण किया गया। काउंसलिंग की मदद से बिखरते परिवार को नई दिशा मिली और आपसी सहमति से समझौता कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में मंगलवार को थाना कोतवाली परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ ‘नई किरण’ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल दो मामलों को मिडिएशन के लिए सूचीबद्ध किया गया, जिनमें से एक प्रकरण में दोनों पक्ष उपस्थित हुए। इस मामले में आवेदिका ने अपनी सास एवं जेठ पर मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए थे। काउंसलिंग टीम ने दोनों पक्षों की संयुक्त और अलग-अलग काउंसलिंग की। लगातार प्रयासों के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता करा दिया गया, जिससे पारिवारिक विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हो सका। वहीं दूसरे मामले में एक पक्ष की अनुपस्थिति के कारण अगली तिथि निर्धारित करते हुए पुनः नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं जिले के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘नई किरण’ प्रोजेक्ट के जरिए जिले में पारिवारिक विवादों को आपसी समझ और संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इससे न सिर्फ परिवार टूटने से बच रहे हैं, बल्कि सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिल रही है और न्यायालयों पर बढ़ते मामलों का बोझ भी कम हो रहा है।

