आजमगढ़ । मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशील पहल करते हुए बिछड़े परिवार को मिलाने में सफलता पाई। थाना पवई क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने मध्यस्थता कर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाया।
मिली जानकारी के अनुसार, मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है।
मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी चिराग जैन व पर्यवेक्षण अधिकारी श्रीमती आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति केन्द्र थाना पवई में खुशबू गौड़ पत्नी संदीप गौड़ निवासी ग्राम मित्तूपुर, थाना पवई द्वारा शिकायत दी गई थी कि उसका पति आए दिन शराब पीकर गाली-गलौज व मारपीट करता है।
प्रकरण की जांच महिला कांस्टेबल पूजा पाण्डेय व संध्या सिंह द्वारा की गई। जांच में ज्ञात हुआ कि दोनों के बीच घरेलू कहासुनी के कारण विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केन्द्र बुलाकर समझाया-बुझाया, जिसके बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से सुलह कर लिया और भविष्य में विवाद न करने का वादा किया।
आवेदिका खुशबू गौड़ पुलिस की कार्यवाही से पूर्णतः संतुष्ट रहीं और दोनों राजी-खुशी साथ रहने को तैयार हुए।
