रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव ने आजमगढ़ में भाजपा के अंदरूनी कलह को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के डबल इंजन की टकराहट अब जिलों तक पहुंच चुकी है।
मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अंदर लगातार बढ़ रही गुटबाजी अब खुलकर सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का डबल इंजन दिल्ली और लखनऊ से टकराते हुए अब जिलों में भी भिड़ने लगा है।
अशोक यादव ने 6 अक्टूबर को आजमगढ़ में भाजपा के दो गुटों के बीच हुई गाली-गलौज और मारपीट का जिक्र करते हुए कहा कि यहां तक कि कोतवाली परिसर में भी भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
सपा प्रवक्ता अशोक यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पहले हिंदू-मुसलमानों के बीच झगड़ा लगवाती थी, अब उसके अपने ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ने लगे हैं। लोग अब मजाक में कहने लगे हैं कि भाजपा का मतलब ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ हो गया है।
