आजमगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2025 शनिवार से शुरू हो गई। यह परीक्षा 6 और 7 सितंबर को जिले के 26 केंद्रों पर होगी। दोनों दिनों में परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आजमगढ़ रीजन से 551 बसें चलाई गई हैं। जनपद के सभी 26 केंद्रों पर चार पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। कुल 48,384 परीक्षार्थी (प्रत्येक पाली में 12,096) शामिल होंगे। परीक्षा की निगरानी हेतु 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 26 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 9 स्टैटिक मजिस्ट्रेट रिजर्व रखे गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जिला परीक्षा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 05462-297477 है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए दो एजेंसियों की भी सेवाएं ली गई हैं। एक सुरक्षा के लिए और दूसरी संचालन हेतु।
परीक्षा में 95 प्रतिशत परीक्षार्थी अन्य जनपदों से आएंगे। उनके निजी वाहनों की पार्किंग की अलग व्यवस्था परीक्षा केंद्रों के बाहर की गई है ताकि जाम की स्थिति न बने। लगभग 1500 दिव्यांग परीक्षार्थी भी शामिल होंगे, जिनके लिए सभी केंद्रों पर रैम्प की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
प्रत्येक परीक्षा कक्ष में 24 से अधिक परीक्षार्थी नहीं बैठेंगे। कक्षवार सीटिंग प्लान की प्रति केंद्र पर चस्पा की गई है। परीक्षा की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। महिला व पुरुष परीक्षार्थियों की अलग-अलग चेकिंग की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रारंभ होगा, जबकि परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व बंद कर दिया जाएगा। उसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
