
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में एक युवती द्वारा वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर काउंसिलिंग कराई, लेकिन युवती के परिजनों ने उसे अपने साथ ले जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को वन स्टॉप सेंटर में ठहराया था।
जानकारी के अनुसार, जनपद के एक थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले दोनों घर से चले गए थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को बरामद कर थाने लाया और उनकी काउंसिलिंग कराई।
बताया जा रहा है कि काउंसिलिंग के बाद भी युवती के परिजनों ने उसे अपने साथ ले जाने से मना कर दिया। इसके चलते पुलिस ने नियमानुसार दोनों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। सोमवार देर रात वन स्टॉप सेंटर के बाथरूम में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
