आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाने की पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित दो युवकों में एक को गुरुवार की सुबह संजरपुर बाजार स्थित छांऊ मोड़ से गिरफ्तार किया है। दुष्कर्म पीड़ित महिला के पति ने बीते 19 अप्रैल को स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विगत 17 अप्रैल की रात में उसकी पत्नी घर से बिना बताये कही चली गयी है। इस मामले में पति ने बरदह थाना क्षेत्र के बिजौली ग्राम निवासी पत्नी के प्रेमी सौरभ उपाध्याय एवं इसी क्षेत्र के ईरनी ग्राम निवासी उत्तम पाठक पर संदेह जताया। पुलिस विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि उक्त दोनों आरोपित पीड़ित की पत्नी को नशीला पदार्थ खिलाकर ले गये तथा उसके साथ दुष्कर्म किये। इस मामले में आरोपित उत्तम पाठक गुरुवार की सुबह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।