आजमगढ़। जिले के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार द्वारा विशेष पहल की गई है। मेरा युवा भारत पोर्टल पर ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज’ का आयोजन 15 अक्टूबर 2025 तक चलाया जा रहा है। इसमें युवाओं को अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
मेरा युवा भारत पोर्टल पर खेल मंत्रालय एवं युवा कार्यक्रम विभाग, भारत सरकार द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया है। इसी उद्देश्य से 15 से 29 वर्ष की आयु वाले युवाओं को इस क्विज में भाग लेकर अपनी राय और योजना साझा करने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिन्हें 10 मिनट में हल करना होगा। यह क्विज निशुल्क है और देश की 12 प्रमुख भाषाओं में उपलब्ध है। पहले 10,000 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रधानमंत्री से सीधे संवाद कर भारत के भविष्य को आकार देने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं की राजनीति और नागरिक जीवन में भागीदारी बढ़ेगी। जनपद आजमगढ़ के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का अनुरोध किया गया है।
