आजमगढ़। जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। एक गिरफ्तारी सिधारी थाना क्षेत्र से हुई, जबकि दूसरी पवई थाना क्षेत्र से। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिधारी थाना क्षेत्र की एक युवती ने शुक्रवार को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बरामदपुर निवासी अविनाश राजभर पुत्र कैलाश राजभर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती गर्भवती हुई तो उसने विवाह से इंकार कर दिया और गर्भ में पल रहे बच्चे को समाप्त करने की धमकी दी। इस मामले में थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई, बाद में मामले में धारा 5/6 पाक्सो एक्ट की बढ़ोत्तरी भी की गई।
शनिवार को व0उ0नि0 मनीष मणि त्रिपाठी मय हमराह टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अविनाश राजभर को उसके घर बरामदपुर से सुबह गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, पवई थाना क्षेत्र में भी एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि मंजीत पुत्र सुरजीत निवासी बिरईपुर भटपूरा थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में विवाह से मना कर दिया। जब युवती ने विवाह का दबाव बनाया तो आरोपी के मामा राजेश पुत्र दूधनाथ ने उसे गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इस पर थाना पवई में मुकदमा दर्ज किया गया।
उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव ने मुखबिर खास की सूचना पर शनिवार को सरायपुल तिराहा से आरोपी मंजीत को दोपहर में गिरफ्तार कर लिया।
