भदोही। जिले के सर्रोई गांव से सटे ह्रदयपट्टी गांव में दुल्हा हेलीकाफ्टर से दुल्हन को लेने निकले। गांव निवासी शुभम दुबे की शादी औराई के हरिनारायणपुर गांव निवासी स्वीटी दूबे से हो रही है। शादी के पहले वे हेलीकाफ्टर से दुल्हन को लेने के लिए रवाना हुए।

गांव में इसको लेकर कौतूहल बना रहा। बताते चलें कि अवधेश कुमार दुबे बनारसी के बेटे शुभम दुबे साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनकी शादी औराई के हरिनारायणपुर निवासी प्रभात दुबे की बेटी स्वीटी दुबे से तय हुआ था। शादी को यादगार बनाने के लिए दुल्हे राजा शुभम ने कुछ अलग करने की ठानी। उन्होंने हेलीकाफ्टर से बारात ले जाने का मन बनाया।

इसके लिए पहले उन्होंने प्रशासन से इसकी अनुमति ली। इसके बाद एक निजी कंपनी से किराये पर हेलीकाफ्टर मंगाया। हेलीकाफ्टर के लैडिंग के लिए दोनों गांव में हेलीपैड इत्यादि बनाए गए। गांव में हेलीकाफ्टर से बारात जाने की जानकारी होने के बाद लोगों का कौतूहल बढ़ गया।

शाम करीब साढ़े चार बजे दुल्हे राजा शुभम दुल्हन लेने के लिए हेलीकाफ्टर से हरिनारायणपुर गांव जाने के लिए उड़ान भरा। कुछ ही मिनट में उनका हेलीकाफ्टर गांव में लैंड कर गया। शुभम के पिता अवधेश ने बताया कि उनकी बहुत इच्छा थी कि बेटे की शादी को यादगार बनाएंगे।

ऐसे में इस तरह से बारात लेने का मन बनाया। बताया कि शादी के उपरांत मंगलवार की सुबह वे हेलीकाफ्टर से ही बहू को विदा कर घर भी लाएंगे।