अयोध्या।  प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर 5 फरवरी को हुए उपचुनाव के नतीजे आज यानी आठ फरवरी 2025 को सामने आएंगे। इस सीट के नतीजों पर प्रदेश ही नहीं सूबे के बाहर भी राजनीति में दिलचस्पी रखने वालों की नजरें टिकी हैं। मतों की गणना सुबह आठ बजे से होगी। सबसे पहले बैलेट पेपर पर पड़े वोट गिने जाएंगे। पहला रूझान सुबह 10 बजे के आसपास मिलेगा। इस उपचुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान और समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में फैजाबाद लोकसभा सीट से जीतकर सपा से सांसद बनने के बाद अवधेश प्रसाद द्वारा मिल्कीपुर सीट से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई सीट पर उपचुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान हुआ था। इसमें साल 2022 के विधानसभा चुनाव का रिकॉर्ड टूट गया था। करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों के गणित और राजनीतिक दलों की रणनीति के चलते यह उपचुनाव चुनाव काफी रोचक और इसीलिए इसके नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं।