आजमगढ़।  जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की 35 वर्षीय महिला माधुरी विश्वकर्मा की  आपरेशन के बाद मौत के मामले ने स्वास्थ्य विभाग को सख्त कार्रवाई करने पर मजबूर कर दिया। सोमवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरबिंद चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने फूलपुर कस्बे स्थित यश लोक अस्पताल पर छापा मारकर उसे सीज कर दिया। जांच में क्लिनिक में आवश्यक मानक और प्रमाणपत्र न मिलने पर आपरेशन थिएटर व लेबर रूम को भी सील कर दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक माधुरी विश्वकर्मा को पित्त की थैली में पथरी की शिकायत थी। 16 अगस्त को उन्हें यश लोक अस्पताल व नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार दोपहर डॉ. एम.जेड. सिद्दीकी ने उनका ऑपरेशन किया। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद हालत लगातार बिगड़ती गई और रविवार तड़के करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्लिनिक पर अवैध तरीके से आपरेशन होने की खबर सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।

सोमवार दोपहर टीम ने जब जांच की तो पाया कि क्लिनिक संचालक डॉ. मनोज यादव के पास जरूरी डिग्री और मान्यता नहीं है। गंभीर लापरवाही को देखते हुए क्लिनिक तत्काल सीज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. अलेंद्र कुमार, फूलपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शशिकांत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस कार्रवाई से अवैध रूप से चल रहे अस्पतालों में हड़कंप मच गया।