रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा करने के साथ डुगडुगी बजवाकर सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा कराई।

थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 348/2026 में धारा 70(1), 123, 61(2), 352 व 351(3) बीएनएस के तहत आशीष पुत्र अशोक कुमार निवासी सरफुद्दीनपुर, थाना सिधारी और सचिन कुमार पुत्र झीनकराम निवासी हाफिजपुर, थाना कोतवाली वांछित हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, लेकिन दोनों गिरफ्तार नहीं हो सके। साथ ही उन्होंने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण भी नहीं किया।

इसके बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, आजमगढ़ द्वारा 20 अगस्त 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमानुसार आरोपियों के घर के मुख्य द्वार पर उद्घोषणा संबंधी नोटिस चस्पा किया और डुगडुगी बजवाकर सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा कराई। कार्रवाई के दौरान मौजूद गवाहों के हस्ताक्षर भी कराए गए।

युवती से आपत्तिजनक कृत्य का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ एक युवती को दवा सुंघाकर उसके साथ आपत्तिजनक कृत्य किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी मुकदमे में वांछित हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे हैं।

आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि आपराधिक मामलों में वांछित एवं फरार आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है।