
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो गांव निवासी एक महिला ने दो लोगों पर अपने पति को बंधक बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके पति 30 जुलाई से घर नहीं लौटे हैं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका है। महिला ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पति की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अमिलो निवासी तबस्सुम जहां पत्नी मो. अतहर ने बताया कि उनके पति मो. अतहर 30 जुलाई से घर नहीं आए हैं। उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। महिला का आरोप है कि तलाश के दौरान कुछ लोगों से जानकारी मिली कि अलीनगर निवासी एक व्यक्ति और कौड़िया गांव निवासी एक अन्य व्यक्ति ने उनके पति को बंधक बना रखा है।
तबस्सुम जहां का आरोप है कि दोनों लोग उनके पति पर दबाव बनाकर पड़ोसियों के खिलाफ पुलिस के उच्चाधिकारियों को बार-बार प्रार्थना पत्र दिलवा रहे हैं। महिला ने बताया कि उनके पति पिछले करीब एक वर्ष से मानसिक रूप से बीमार हैं और उनका उपचार भी चल रहा है।
महिला ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आशंका जताई है कि यदि उसके पति के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए आरोपित दोनों लोग जिम्मेदार होंगे। उसने पुलिस से मामले की जांच कर पति को जल्द बरामद करने की मांग की है।
जमीन विवाद की बात सामने आई
इस संबंध में मुबारकपुर थाना प्रभारी शशि चंद्र चौधरी ने बताया कि महिला जिन लोगों पर आरोप लगा रही है, उनमें से एक पक्ष के साथ उसका जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार महिला सीधे थाने नहीं आई थी, बल्कि एसपी कार्यालय गई थी। वहां से फोन पर मामले की जानकारी दी गई। वहीं इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि महिला और उसके विपक्षी पक्ष को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
