रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र एडवोकेट ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराते हुए उन्हें संगठन से जोड़ा जा रहा है। इस अभियान में लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।

सोमवार को होटल किंगडम पैलेस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाकर ब्लॉक स्तर तक संगठन खड़ा किया जा चुका है। अब पार्टी का मुख्य जोर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर है, ताकि आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजीव पांडेय, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जगन्नाथ तिवारी और राष्ट्रीय सचिव जयराम ठाकुर के साथ मिर्जापुर व वाराणसी के दौरे के बाद आजमगढ़ पहुंचे हैं। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि पांच जुलाई को लखनऊ में पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती मनाई गई थी। इसके बाद 10 अगस्त को दिल्ली में हुई पार्टी की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें युवा आयोग और किसान आयोग के गठन के साथ ही स्वर्गीय रामविलास पासवान और स्वर्गीय कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग शामिल है।

इस अवसर पर संजय राय, जिलाध्यक्ष संतोष यादव, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश प्रकाश लाल श्रीवास्तव, दीपक यादव, ओमप्रकाश सरोज सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।