आज़मगढ़। जिले के अहरौला में स्थित प्रतिष्ठित सर सैयद इंटर कॉलेज, गौसपुर के उप प्रबंधक गालिब खान पर एक शिक्षिका को बहला-फुसलाकर व प्रलोभन देकर उसका ब्रेनवॉश करने का गंभीर आरोप लगा है। यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि शिक्षिका की सास ने खुद अहरौला थाने में शिकायती पत्र देकर लगाया है।  इस मामले ने जिले में सनसनी फैला दी है, सास के प्रार्थना पत्र पर पुलिस भी अब जांच में जुट गई है।

शिकायती पत्र के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के कुम्हवट गांव निवासी राधिका मौर्य ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि उसकी बहू सीमा मौर्य, जो सर सैयद इंटर कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षिका है, उसके परिवार से पूरी तरह कट चुकी है और कॉलेज के उप प्रबंधक गालिब खान के प्रभाव में रह रही है। राधिका ने आरोप लगाया कि सीमा का मन बदलकर उसे पूजा-पाठ की बजाय रोजा-नमाज की ओर मोड़ दिया गया है और वह अब अपने ससुराल नहीं आना चाहती।

शिकायत के अनुसार, सीमा की शादी 6 वर्ष पूर्व राधिका के पुत्र पराग मौर्य से हुई थी, जो कि बिजली विभाग में अवर अभियंता (जेई) के पद पर सहारनपुर में कार्यरत हैं। शादी के बाद कुछ वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन हालिया महीनों में सीमा का व्यवहार पूरी तरह बदल गया है।राधिका का आरोप है कि जब उसका पुत्र पराग, सीमा को सहारनपुर लेकर गया तो कुछ ही दिनों बाद गालिब खान ने वीडियो कॉल कर सीमा को ससुराल में रहने और पति से किसी भी तरह का संबंध रखने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने ट्रेन का टिकट भेज कर सीमा को वापस बुला लिया।

राधिका ने बताया कि वर्तमान में सीमा कॉलेज प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास में ही रह रही है, जहां अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी रहते हैं। लेकिन उसे किसी से भी मिलने-जुलने की इजाज़त नहीं है और वह पूरी तरह उप प्रबंधक के इशारों पर चल रही है। सास के मुताबिक, जब भी परिवार की ओर से उसे समझाने या घर चलने को कहा जाता है, तो वह या तो मना कर देती है या धमकी देती है।राधिका ने आशंका जताई कि सीमा किसी मानसिक दबाव या डर में है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि वह गालिब खान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और सीमा को परिवार से जोड़ने में मदद करें।

इस मामले में कॉलेज के उप प्रबंधक गालिब खान ने अपने ऊपर लगाए जा रहे  सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना है कि सीमा एक एनजीओ के माध्यम से कॉलेज में कंप्यूटर शिक्षिका के रूप में कार्यरत है और कॉलेज परिसर में बने शिक्षक आवास में अन्य शिक्षकों के साथ सामान्य तरीके से रह रही है।

उप प्रबंधक ने कहा, सीमा के ससुराल पक्ष में आपसी विवाद है, लेकिन उसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में मुझे जानबूझकर घसीटा जा रहा है।

इस पूरे मामले में अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक रूप से यह मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।