आज़मगढ़। जनपद के अहरौला क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़ा एक नया मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक युवती का 4 मिनट 50 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसने कथित रूप से एक कॉलेज से जुड़े कुछ लोगों पर धर्मांतरण का दबाव बनाने, शारीरिक उत्पीड़न, और ब्लैकमेल जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों में हलचल मच गई है।
दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत पीड़िता ने दावा किया कि 2018 में उसके भाई की शादी जिस महिला से हुई, वह अब एक कॉलेज में शिक्षिका है। उस समय उनके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, और शिक्षिका ने उसे नौकरी दिलवाने का वादा किया। इसी क्रम में कॉलेज के उप प्रबंधक ने उसे 15 दिन की ट्रेनिंग के लिए पुणे भेजा।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह ट्रेनिंग से लौटकर आई, तो उप प्रबंधक ने दो दिन की और ट्रेनिंग के बहाने उसे कॉलेज बुलाया। वहां उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां पहले से ही उप प्रबंधक, उनके दो भाई, एक भतीजा, दो महिला शिक्षिकाएं और खुद उसकी भाभी मौजूद थीं। कमरे का माहौल अचानक डरावना हो गया।
वीडियो में युवती ने आरोप लगाया कि मुझसे कहा गया कि अगर मुझे नौकरी चाहिए तो मुझे रोजा रखना होगा, नमाज पढ़नी होगी और मुस्लिम महिलाओं जैसे कपड़े पहनने होंगे। मैंने इंकार किया तो मुझे पीटा गया, कपड़े फाड़े गए और मेरे साथ बदसलूकी की गई। मेरा वीडियो बनाकर धमकी दी गई कि अगर मैंने किसी से कुछ कहा तो यह वीडियो वायरल कर दिया जाएगा और मेरे पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।
डरी-सहमी युवती ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से चुप थी, लेकिन अब हालात बर्दाश्त से बाहर हो गए हैं। उसने कहा कि वह अब और चुप नहीं रहेगी और पूरे मामले को समाज और प्रशासन के सामने लाकर रहेगी। हालांकि इस वायरल वीडियो व उसमें किए गए दावों की पुष्टि न्यूज़ 8 पीएम नहीं करता।
वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने इस प्रकरण की तुलना लखनऊ के चर्चित बलरामपुर छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन धर्मांतरण प्रकरण से करना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
इस सनसनीखेज़ आरोप पर पुलिस फिलहाल सतर्क है। अहरौला थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि अभी तक ऐसा कोई वीडियो आधिकारिक रूप से संज्ञान में नहीं आया है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो उच्चाधिकारियों को सूचना देकर पूरे मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
