आजमगढ़। जिले के कोतवाली पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी जब चेकिंग के दौरान शातिर अपराधी सुजीत सिंह उर्फ भकोले को अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम में उ0नि0 रामकिशोर शर्मा, उ0नि0 प्रदीप वाजपेयी व हमराही पुलिसकर्मी शामिल थे। अभियुक्त को उकरौड़ा सर्विस लेन के पास से हिरासत में लिया गया। उसकी तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
गिरफ्तारी के बाद थाना कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा शस्त्र अधिनियम के तहत पंजीकृत कर चालान माननीय न्यायालय भेजा गया । पुलिस के मुताबिक सुजीत सिंह उर्फ भकोले के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में कुल 52 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गौरतलब है कि 27 मार्च 2025 को कोतवाली थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुजीत सिंह, प्रदीप सिंह और अजीत सिंह ने उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोप था कि तीनों तमंचा लेकर उसके घर पहुंचे, जबरन दरवाजा खुलवाया और जान से मारने की धमकी दी, साथ ही उसकी बेटियों को उठाने की बात कही।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने 18 मई को अभियुक्त भकोले पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था। दबाव बढ़ने पर उसने 22 मई को सीजीएम कोर्ट, आजमगढ़ में आत्मसमर्पण किया था, लेकिन बेल पर बाहर आने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो गया था।
