नर्सिंग छात्राओं की रैली, नुक्कड़ नाटक और पोस्टरों से गूंजा स्वास्थ्य संदेश

आज़मगढ़। मातृत्व को सम्मान देने एवं नवजात शिशुओं के पोषण अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, श्री दुर्गा जी नर्सिंग स्कूल, सेहदा महराजपुर में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीपप्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनय सिंह यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्तनपान केवल एक जैविक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि यह न केवल शिशु के शारीरिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि मां और बच्चे के बीच भावनात्मक संबंध को भी गहरा करता है।

प्रबंधक लालजी यादव ने कहा कि हमें सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक मां को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगी वातावरण प्राप्त हो। इस अवसर पर छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए जनजागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से स्तनपान के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

छात्राओं ने ग्रामीण महिलाओं को उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों और जानकारी से अवगत कराने का बीड़ा उठाया। यह आयोजन केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह मातृत्व के सम्मान, महिला सशक्तिकरण और नवजात अधिकारों की पुनर्परिभाषा बन गया।आजमगढ़ जैसे जिले में, जहां स्वास्थ्य सेवाएं अब भी चुनौतियों से जूझ रही हैं, ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लोगों में उम्मीद की किरण बनकर उभरते हैं।

इस अवसर पर प्रबंधक लालजी यादव, प्रिंसिपल एकता साहनी, डॉ. ओमकार, प्रिया सिंह, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, तिवारी, ज्योति सिंह, सीमा यादव, उप प्रधानाचार्य पूजा सिंह, अर्चना सहित विद्यालय के अनेक कर्मचारी एवं सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।