आज़मगढ़। जिले में चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस ने भी तैयारी कर रखी है। किसी प्रकार की कोई घटना न हो, इसको लेकर एसएसपी ने निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

14 अगस्त को चेहल्लुम, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और अगले दिन जन्माष्टमी का त्योहार पड़ रहा है। चेहल्लुम के मौके पर जिले के कई स्थानों पर जुलूस निकालने की परंपरा रही है। ऐसे में जुलूस निकालने वाले रूट पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। जन्माष्टमी के मौके पर धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई होगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी के त्योहार के लिए सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। चेहल्लुम के जुलूस वाले रास्तों का भौतिक निरीक्षण कर लिया गया है। सेंट्रल पीस और थानों पर पीस कमेटी की बैठक कर ली गई है। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस का भव्य कार्यक्रम भी मनाया जा रहा है, जिसके लिए सभी जनपदवासियों से अपील की गई है कि वह अपने घरों पर तिरंगा झंडा अवश्य लगाएं। एसएसपी ने बताया कि सुरक्षा के लिए थानों की फोर्स के साथ ही दो कंपनी पीएसी व रिजर्व पुलिस लाइन से पुलिस बल को तैनात किया जाएगा।