आजमगढ़। हरीश चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल (HMPS), सरायमंदराज, करतालपुर बायपास में आयोजित चार दिवसीय सी.बी.एस.ई. क्लस्टर-V खो-खो टूर्नामेंट 2025 का समापन गरिमामय माहौल में हुआ। मुख्य अतिथि कर्नल अमिताभ मुखर्जी, कमांडिंग ऑफिसर, 30 यूपी (जी) बटालियन, एन.सी.सी. आजमगढ़ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है। खेल हमें निरंतर प्रयास, कड़ी मेहनत और हार को सीखने का अवसर मानने की शिक्षा देते हैं, जो जीवन में सफलता की कुंजी है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति रिछारिया ने छात्रों को खेल के महत्व से अवगत कराते हुए टूर्नामेंट में पधारे सी.बी.एस.ई. आब्जर्वर श्री संजय सिंह, सभी ऑफिसियल मेंबर्स, टीमों व कोच का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में क्लस्टर के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में सनफ्लावर पब्लिक स्कूल, गाजीपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एम वी कान्वेंट स्कूल, कौशाम्बी उपविजेता रहा। अंडर-17 वर्ग में यश विद्या मंदिर, अयोध्या विजेता और निर्मला कान्वेंट हाई स्कूल, रेणुकूट उपविजेता बना। वहीं, अंडर-19 वर्ग में एम वी कान्वेंट स्कूल, कौशाम्बी ने खिताब जीता और बी.एन.एस. इंग्लिश स्कूल, नारिया, बी.एच.यू. उपविजेता रहा।
समापन समारोह में विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए। उपस्थित अतिथियों व दर्शकों ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की।
