रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के कलान चौराहे पर बुधवार की रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक 50 वर्षीय श्रीनाथ निवासी रामपुर काला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 45 वर्षीय विशाल निवासी गालिबपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया, जिससे शाहगंज-अंबेडकर नगर मार्ग पर यातायात कई घंटों तक बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, श्रीनाथ बुधवार की शाम टेंपो लेकर कालान चौराहा पहुंचे थे। सड़क किनारे टेंपो खड़ा कर विशाल से बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने श्रीनाथ को मृत घोषित कर दिया और विशाल की गंभीर हालत को देखते हुए जौनपुर रेफर कर दिया।
घटनास्थल चार जनपद आजमगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर और अंबेडकर नगर की सीमा पर स्थित है। घटना से आक्रोशित लोगों ने सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र में जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की।
