
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। सोमवार रात करीब 10 बजे मेंहनगर-छतवारा मार्ग के देवईता बाजार के पास एक दुखद हादसा हुआ। अंबेडकर नगर जनपद के राजेसुल्तानपुर निवासी 34 वर्षीय अमित विश्वकर्मा की बाइक पर ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। अमित अपने बहन के घर भोजन करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार अमित विश्वकर्मा सोमवार को अपनी बहन के घर बरवासागर गांव में पहुंचे थे। खाना खाने के बाद वह रात लगभग 10 बजे बाइक से अपने घर की ओर निकले। इसी दौरान देवईता बाजार के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और भाग रहे ट्रक को रोक लिया।
मेंहनगर थाना की पुलिस ने घटना की सूचना पाकर तुरंत पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अमित विश्वकर्मा के एक बेटा और एक बेटी हैं।
