रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आज़मगढ़। जिले के  बिलरियागंज थाना क्षेत्र के  भावारामपुर में भाजपा नेता व शक्ति केंद्र संयोजक ओंकार गौड़ के घर को गिराने वाले आरोपी के घर बुधवार की शाम को भारी पुलिस बल के साथ पहुचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने आरोपी के भीटे पर बने घर को जमीदोंज कर दिया। बताया गया कि 2022 में ही भवन मालिक जियाउद्दीन को भीटे और पोखरी की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का आदेश तहसीलदार कोर्ट से जारी किया गया था।

इसी बीच जियाउद्दीन ने जन्माष्टमी के दिन अपने समर्थकों के साथ ट्रैक्टर लेकर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक ओंकार गौड़ के घर की गिरा दिया और उनके साथ मारपीट भी की। इस घटना के बाद बिलरियागंज थाने की पुलिस ने जियाउद्दीन और उसके साथी सदरुद्दीन के खिलाफ नामजद और 10–15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

इस पूरे मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह और सत्येंद्र राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बुधवार की सुबह मुलाकात कर घटना से अवगत कराया। सीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन हरकत में आया और पुराने आदेश के तामिले में जुट गया।

प्रशासन ने आरोपी जियाउद्दीन को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया, न मानने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी। बुधवार की शाम तहसीलदार सगड़ी शिव प्रकाश सरोज के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचकर भवन को ढहाया गया और जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। इस कार्रवाई के दौरान करीब  6 थानों की फोर्स तैनात रही, साथ ही ड्रोन से इलाके की निगरानी भी की गई।