रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले थाना तरवां पुलिस ने अवैध असलहा रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया है। साथ ही आरोपी की मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को उपनिरीक्षक जय प्रकाश अपनी टीम के साथ परमानपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि नवरसिया गांव का एक युवक अवैध तमंचा और कारतूस के साथ मोटरसाइकिल से दशवतपुर मोड़ होते हुए लालगंज की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत दशवतपुर मोड़ पर पहुंच गई और वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए युवक ने अपना नाम अतुल सिंह पुत्र स्वर्गीय अनिल सिंह निवासी ग्राम नवरसिया थाना तरवां, जिला आजमगढ़ बताया।
पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल को भी 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर थाना तरवां लाया गया। उसके खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की गई।गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कार्रवाई के बाद चालान कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
