आजमगढ़। आयुक्त आजमगढ़ मंडल, विवेक की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलायुक्त सभागार में मा० मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलाई 2025 तक के शासन स्तर से जारी प्रगति और रैंकिंग का मूल्यांकन किया गया।
आयुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए आजमगढ़, मऊ और बलिया के विभागीय अधिकारियों को संबंधित एलडीएम के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित बैंक मामलों को तुरंत निस्तारित करने और ग्रेडिंग व रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने और कार्यदायी संस्थाओं को मोटिवेट करने पर जोर दिया। इसके साथ ही फैमिली आईडी बनाने में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
फटकार का मुख्य केंद्र पर्यटन विभाग, बलिया रहा। बैठक में पाया गया कि आजमगढ़ और मऊ में पर्यटन विभाग के कार्य सुधरे हैं, जबकि बलिया में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। साथ ही पर्यटन अधिकारी बलिया बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही माना और तीन बार नोटिस देने के बावजूद प्रगति न लाने पर शासन को पत्र प्रेषित कर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पंचायती राज विभाग और वित्त आयोग के कार्यों में तकनीकी कमियों को दूर कर रैंकिंग सुधारने और इसे लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसबीएम फेज-2 के कार्य में तेजी लाने, बेसिक शिक्षा विभाग में मध्यान्ह भोजन और छात्रों की उपस्थिति में गुणवत्तायुक्त सुधार लाने, विद्युत विभाग में ट्रांसफार्मर बदलने, विद्युत आपूर्ति सुधारने और हाईटेंशन तार हटाने की कड़ी निर्देशावली दी गई।
समाज कल्याण विभाग के वृद्धाश्रम में रहने वालों को प्राथमिकता से पेंशन देने और उनके आधार एवं एड्रेस आईडी बनवाने की सख्त हिदायत दी गई। श्रम विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने, सामूहिक विवाह योजना में जागरूकता लाने के निर्देश दिए गए। उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, गौ आश्रय स्थलों पर चारा, पानी और टीकाकरण की व्यवस्था कर जल जमाव न होने देने के लिए भी कड़ी फटकार दी गई।
स्वास्थ्य विभाग को सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने और अभियान चलाकर टीकाकरण कराने, नई नर्सों के ईडब्ल्यूएस और जाति प्रमाण पत्र की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी विभागों में अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित करने और कार्य न करने वालों को दंडित करने का भी आदेश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़, मऊ, बलिया, अपर आयुक्त मंडल, मुख्य विकास अधिकारी एवं समस्त मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
