रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना मुबारकपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के गहनों के साथ एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। मामला दीपक ज्वैलर्स की दुकान से की गई चोरी का है, जिसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस से की थी।
बीते 16 अगस्त को फराश टोला, कोतवाली आजमगढ़ निवासी वादी शुभम सिंह पुत्र राम विभो सिंह ने थाना मुबारकपुर में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 11 मई की शाम करीब 5 बजे मीरा सोनकर पत्नी गुड्डू सोनकर निवासी ग्राम रामचक, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया और दीपक सोनकर पुत्र बिन्देश्वरी सोनकर निवासी कस्बा थाना घोसी, जनपद मऊ उनकी दुकान दीपक ज्वैलर्स पर गहना देखने पहुंचे। दुकान पर गहना दिखाते समय मौका पाकर दोनों एक जोड़ा झाला लेकर फरार हो गए। इस घटना के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया और इसकी विवेचना उपनिरीक्षक अखिलेश चौबे द्वारा की जा रही थी।
गुरुवार को विवेचक उपनिरीक्षक अखिलेश चौबे मय हमराह टीम के साथ मामले की तफ्तीश में जुटे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि वांछित अभियुक्ता मीरा सोनकर बड़हलगंज बाजार बाईपास स्थित भगौती लाज के पीछे टिकोरी यादव पुत्र महादेव यादव के मकान में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश दी और अभियुक्ता को हिरासत में ले लिया।गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने अभियुक्ता को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय में पेश करने हेतु रवाना कर दिया है।
