रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के भोराजपुर खुर्द गांव निवासी सुरेश 35 वर्ष पुत्र रामदेव बीते कई दिनों से लापता हैं। लगभग 10 वर्ष पूर्व उनकी शादी भोराजपुर खुर्द निवासी सुभाष की पुत्री सीमा के साथ हुई थी। सुरेश मूल रूप से खालिसपुर देवरिया, गोपालगंज थाना कप्तानगंज के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से पत्नी व बेटी के साथ ससुराल में ही रह रहे थे।
परिवारजनों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व वे मुंबई से तबीयत खराब होने पर घर आए थे और यहीं रहने लगे थे। 19 अगस्त 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे सुरेश घर से यह कहकर निकले कि शाम तक आ जाएंगे, लेकिन उसके बाद से वे वापस नहीं लौटे।
पत्नी सीमा व बेटी अमृता ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। कई दिनों तक खोजबीन के बाद भी जब कोई पता नहीं चला तो थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजनों ने सुरेश का हुलिया बताते हुए कहा कि उनकी लंबाई लगभग 6 फीट, रंग सांवला और शरीर मध्यम है। घटना के दिन उन्होंने सफेद रंग की शर्ट और पैंट पहन रखी थी।
मामा राम प्यारे ने बताया कि मुंबई से लौटने के बाद सुरेश लगातार घर पर ही रह रहे थे। उसी दिन दोपहर को निकले थे और कहा था कि शाम तक लौटेंगे, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
परिवार की आर्थिक और मानसिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पत्नी व बच्ची ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी सुरेश के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय थाने या परिवार को सूचित करें।
