आज़मगढ़। शनिवार को  रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही कुल 602 रिक्रूट महिला आरक्षियों को स्वास्थ्य एवं खान-पान संबंधी जानकारियाँ प्रदान की गईं। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय की डॉ. रिचा सिंह एवं डॉ. रिजवान ने विस्तृत रूप से जानकारी दी।

डॉ. रिचा सिंह ने बताया कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना अति आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति का वजन 60 किलोग्राम है तो उसे दिनभर में लगभग 3 लीटर पानी पीना चाहिए, यानी प्रत्येक 20 किलोग्राम वजन पर 1 लीटर पानी पीना जरूरी है। उन्होंने संतुलित आहार लेने पर जोर देते हुए कहा कि एक मध्यम आकार की रोटी लगभग 40 ग्राम गेहूँ के आते में औसतन 70 से 80 कैलोरी होती है जबकि एक कटोरी दाल लगभग 100 ग्राम पकी हुई दाल में लगभग 120 से 150 कैलोरी होती है, जो प्रोटीन का अच्छा स्रोत है।

महिलाओं को प्रतिदिन उनकी आयु, वजन और गतिविधि के स्तर के अनुसार औसतन 1800 से 2200 कैलोरी की आवश्यकता होती है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला आरक्षियों को अपने कार्य की शारीरिक सक्रियता को देखते हुए संतुलित आहार लेना चाहिए, जिसमें पर्याप्त मात्रा में दाल, सब्ज़ी, फल, दूध, अनाज और हरी पत्तेदार सब्ज़ियाँ शामिल हों। तैलीय और जंक फूड से बचने तथा समय पर भोजन करने की सलाह भी दी गई।

कार्यक्रम के पश्चात अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने डॉ. रिचा सिंह एवं डॉ. रिजवान को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।