आजमगढ़। जिले के मिर्जापुर ब्लॉक स्थित कंपोजिट विद्यालय सरायमीर के अध्यापक अभिमन्यु यादव को उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार 2024 से शुक्रवार को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन्हें मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने प्रदान किया।

बलिया जनपद की बैरिया तहसील क्षेत्र के सोनबर्षा गांव निवासी अभिमन्यु यादव पुत्र स्व. अर्जुन यादव की नियुक्ति वर्ष 2006 में आजमगढ़ के मोहम्मदपुर के प्राथमिक विद्यालय परसहां में सहायक अध्यापक के रूप में हुई थी। वर्ष 2012 में उनका स्थानांतरण कंपोजिट विद्यालय सरायमीर में हो गया, जहां वे लगातार शिक्षण कार्य कर रहे हैं।

अभिमन्यु यादव के नवाचारपूर्ण शिक्षण तरीकों से बच्चे बेहद प्रभावित हुए। परिणामस्वरूप विद्यालय में पिछले पांच वर्षों से नो एडमिशन का बोर्ड लगाना पड़ रहा है। उन्होंने ‘सुपर थर्टी’ योजना बनाई, जिसमें 30 बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराते हैं। इस पहल ने कई बच्चों को बड़ा मंच दिया और शिक्षा के प्रति उनमें नई रुचि जगाई।

अभिमन्यु यादव को पहले तीन बार जिला स्तर पर चयनित किया गया, लेकिन राज्य स्तरीय समिति में नाम नहीं आ सका। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और बच्चों का भविष्य संवारने में जुटे रहे। अंततः उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार से नवाजा गया।

शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों में गहरी खुशी व्याप्त है।