आज़मगढ़। ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान के तहत आजमगढ़ में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले कुल 51 चालकों के चालान किए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए पेट्रोल पम्पों पर विशेष चेकिंग की गई।
हेमराज मीना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ महोदय तथा विवेक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक, यातायात के कुशल निर्देशन में जनपद आजमगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने आजमगढ़–वाराणसी मार्ग तथा आजमगढ़–मऊ मार्ग पर स्थित 8 पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल पम्प कर्मियों व आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरुक किया।
पेट्रोल पम्प कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट पहने किसी भी व्यक्ति को फ्यूल न दिया जाये। साथ ही आमजन से अपील की गई कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें और पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।
अभियान के दौरान कुल 51 दोपहिया वाहन चालकों के चालान किए गए। सड़क सुरक्षा बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर चलाया जाएगा।
संयुक्त टीम में अतुल कुमार यादव, ARTO आजमगढ़, विक्रांत सिंह, PTO आजमगढ़, उ0नि0 यातायात जयशंकर सिंह, उ0नि0 यातायात गोविन्द प्रसाद, मु0आ0 चन्द्रशेखर राम, मु0आ0 आशीष यादव, मु0आ0 संजय मौर्य, मु0आ0 आशुतोष यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
