आजमगढ़। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों और पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने से नाराज भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने आमजन की सुरक्षा, पुलिस की भूमिका और न्याय की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन भाजपा जिलामंत्री महेंद्र मौर्य पर हुए हमले के मामले में कार्रवाई न होने के विरोध में किया गया।


भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर ‘आमजन की सुरक्षा करो’, ‘आज़मगढ़ पुलिस से भाजपा और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बचाइए योगी जी’, ‘आज़मगढ़ पुलिस अपराधियों की मित्र’ जैसे नारों के साथ विरोध जताया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित भाजपा नेताओं को सुरक्षा देने की मांग की।

बीते 28 अगस्त की रात भाजपा जिलामंत्री महेंद्र मौर्य सिधारी थाना क्षेत्र में बौरहवा बाबा मंदिर से घर लौटते समय प्राणघातक हमले का शिकार हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में लापरवाही की। डीआईजी से मिलकर शिकायत करने के बाद 5वें दिन सिधारी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।

इस घटना को लेकर महेंद्र मौर्य ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व डीजीपी को संबोधित शिकायती पत्र जिला प्रशासन को सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक एकत्रित हुए और न्याय की मांग की। महेंद्र मौर्य ने कहा कि अपने ही शासन में पुलिस उत्पीड़न का शिकार हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी हत्या होती है तो उसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

उन्होंने  कहा कि जब पुलिस का रवैया उनके साथ ऐसा है तो आम जनता के साथ कैसा होगा, इसकी जांच आवश्यक है। साथ ही उन्होंने अन्य मामलों में पुलिस की लीपापोती का भी जिक्र कर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया।

इस मौके पर पूर्व जिला महामंत्री ब्रजेश यादव ने कहा कि महेंद्र मौर्य समाज की लड़ाई लड़ते हैं, प्रशासन उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराए और निष्पक्ष जांच कराते हुए न्याय दिलाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की तहरीर तुरंत दर्ज होनी चाहिए और विलंब से अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर प्रशासन किसके दबाव में कार्रवाई टाल रहा है।

इस अवसर पर भाजपा नेता ब्रजेश यादव, विनोद उपाध्याय, अमित सिंह, शशिकांत वर्मा, पवन कुमार मौर्य, प्रशांत मौर्य, सर्वेश मौर्य, देवनरायन मौर्या, चन्दू मौर्य, संतोष मौर्य, उत्कर्ष सिंह, विजेंद्र कुमार मौर्य, कृष्णा मौर्य, राजेश सिंघानिया, संदीप मौर्य, जयवीर मौर्य, लारा गोंड, सूरज मौर्य, अनिरुद्ध यादव, राजकुमार यादव, नरसिंह यादव, रूपचन्द्र मौर्य, अजय मौर्य, महेंद्र चौहान, प्रदीप चौहान, शशिकांत चौहान, सोनू मद्धेशिया, सत्यम गुप्ता, संतोष मद्धेशिया, भरत मद्धेशिया, अनूप ताम्रकार, शशिकांत सेठ, भवानी सेठ, राजू वर्मा, दिनेश सेठ, कुनाल सेठ, सोनू सेठ, बच्चा सेठ, सतीश ताम्रकार, पप्पू ताम्रकार, बृजेश ताम्रकार, मयंक निगम, मनीष निगम सहित भारी संख्या में भाजपाजन व समर्थक शामिल रहे।