आजमगढ़। नगर से सटे शेखपुरा स्थित अपने आवास पर शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा नेता व विश्व हिन्दू रक्षा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री श्याम सुंदर चौहान ने विपक्षियों द्वारा सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे फर्जी वीडियो और आरोपों को लेकर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यदि उन पर लगे आरोपों का साक्ष्य मिलता है तो वे जेल जाने को भी तैयार हैं।
पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान ने कहा कि कुछ विपक्षी उनके बढ़ते जनसमर्थन से परेशान होकर बिना किसी आधार के मनगढ़ंत खबरें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सच्चे कार्यकर्ता हैं और जनसेवा के लिए राजनीति में आए हैं। सोशल मीडिया पर उनका नाम और फोटो जोड़कर फैलाए जा रहे वीडियो पूरी तरह से निराधार हैं।
वीआईपी सुरक्षा को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी सोशल मीडिया से मिली। दो यूट्यूबर बगैर किसी प्रमाण के मनगढ़ंत कहानी बनाकर लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं। ऐसे लोगों को वकील के जरिए लीगल नोटिस भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उन पर आरोप लगाए गए लेकिन कोर्ट में कोई सबूत प्रस्तुत नहीं हो सका। श्याम सुंदर चौहान ने कहा कि वे शोषितों, वंचितों और गरीबों की आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी फर्जी आरोप से डरने वाले नहीं हैं।
विधायक रामविलास चौहान द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि एक वर्ष बीत चुका है लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। वे साक्ष्य मिलने पर जेल जाने को भी तैयार हैं, लेकिन आरोप लगाने वाले सुलह की बात कर रहे हैं। अंत में उन्होंने कहा कि विधायक को जनता की सेवा पर ध्यान देना चाहिए, उन्हें परेशान कर कुछ हासिल नहीं होगा।
