आजमगढ़। जिले में पुलिस की ओर से एक आरोपी को वीआईपी ट्रीटमेंट देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पकड़े गए अभियुक्तों को लग्जरी गाड़ियों से मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा है और जेल तक पहुँचाया जा रहा है। इस दौरान अधिकारियों को जानकारी नहीं होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है गिरफ्तार आरोपी खाड़ी देश दुबई का व्यापारी है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। यहाँ एक व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि अभियुक्त मो. हसन रजा, जो उसका पारिवारिक परिचित है, ने लखनऊ की एक कीमती जमीन बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेज दिखाए। दो गवाहों के सामने आरोपी ने 5 लाख रुपये बतौर बयाना लिए। तय हुआ कि बाकी रकम देने के बाद रजिस्ट्री कराई जाएगी। लेकिन तय समय पर न तो रजिस्ट्री हुई और न ही आरोपी ने संपर्क साधा। पीड़ित ने जब जमीन के असली मालिक से बात की तो उसने जमीन बेचने से इनकार कर दिया। पैसे लौटाने की मांग पर आरोपी ने मना करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शनिवार को हाफिजपुर चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे सफारी गाड़ी से मंडलीय अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर उसी गाड़ी से जेल भेज दिया गया। जेल में भी आरोपी की गाड़ी को गेट के अंदर तक ले जाया गया।
सीओ सिटी शुभम तोदी ने कहा कि यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
