आज़मगढ़। जिले  के मुबारकपुर क्षेत्र के देवरिया गांव में लाइन ठीक करते समय संविदा लाइनमैन की मौत के मामले में कार्रवाई हुई है। लापरवाही सामने आने पर एसडीओ और जेई को निलंबित कर दिया गया, वहीं संविदा एसएसओ को सेवा से हटा दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर उपकेंद्र पर संविदा लाइनमैन के रूप में तैनात 48 वर्षीय रामदुलारे गुप्ता, निवासी देवरिया गांव, मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे देवली खालसा में शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर का तार ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आ गई और करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिर पड़े। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की जांच अधीक्षण अभियंता द्वितीय दिग्विजय सिंह और अधिशासी अभियंता ने की। जांच में पाया गया कि उपकेंद्र पर तैनात संविदा एसएसओ संजय यादव ने नियमों के विरुद्ध बिना सुरक्षा किट और बिना चेकलिस्ट सत्यापन के ही फोन पर शटडाउन दे दिया था। इसी लापरवाही के कारण हादसा हुआ।

मुख्य अभियंता इंजीनियर रामबाबू के अनुसार, प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने मुबारकपुर के एसडीओ अभिषेक राय और जेई अमन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर गोरखपुर द्वितीय मुख्य अभियंता कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। वहीं, संविदा एसएसओ संजय यादव की सेवा समाप्त कर दी गई है।