आजमगढ़। जिले के  मुबारकपुर पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी गए जेवरात, नकदी के साथ अवैध असलहे भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया है।

बीते 6 सितंबर  को वादी सहर्ष राय पुत्र सुनील कुमार राय निवासी कुकुड़ीपुर थाना मुबारकपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 03/04 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय कार्यालय का ताला तोड़कर आलमारी में रखे पांच टैबलेट और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना मुबारकपुर पर मुकदमा दर्ज हुआ।

इसी प्रकार, बीते 12 जुलाई को थाना जहानागंज क्षेत्र के ग्राम बोहना सेमा निवासी गुड्डू राम पुत्र जद्दू राम ने सूचना दी थी कि 10 जुलाई की रात धान की रोपाई के दौरान उनके घर में चोरी हो गई थी, जिसमें सोने के मंगलसूत्र, अंगूठी, नथुनी, चांदी की पैजनी, पायल, नकदी आदि सामान चोरी हुआ था। इस संबंध में मुकदमा  दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक विनय कुमार के सुपुर्द थी।

पुलिस टीम को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति भटौरा अंडरपास के पास चोरी के जेवरात बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं तथा उनके पास अवैध हथियार भी हैं। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के निर्देशन में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव मय हमराह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पंकज गुप्ता  पुत्र भीम प्रसाद गुप्ता तथा अभय गौड़ उर्फ बहादुर गौड़ पुत्र महेंद्र गौड़ निवासीगण ग्राम फरीदपुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद मऊ के रूप में हुई। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे , दो कारतूस, पांच टैबलेट, एक बैग, एक लोहे की रॉड, हथौड़ा, वायर कटर, तीन चार्जर, सोने-चांदी के जेवरात एवं दो हजार रुपये नकद बरामद हुए।