रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर देहात में मंगलवार सुबह सरकारी शराब की दुकान के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक  टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर कस्बा निवासी 32 वर्षीय युवक छोटेलाल सोमवार की रात रोडवेज के पास किसी काम से गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उसका शव रोडवेज के पीछे सरकारी देशी शराब की दुकान के पास मिला। उसके सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

मृतक के भतीजे राजू मोदनवाल ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। बताया गया कि मृतक करीब एक माह पहले सूरत से कमाकर लौटा था। परिवार में पांच भाई और दो बहनें हैं। मृतक पांच साल पहले शादी हुई थी उसके बाद संबंध विच्छेद भी हो चुका था।

कोतवाल सच्चिदानंद के मुताबिक, युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।