आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के ग्राम शेरवा में दीपावली पर्व के अवसर पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर शनिवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों से 11 लोगों को हिरासत में ले लिया।


मिली जानकारी के अनुसार, सरायमीर क्षेत्र के ग्राम शेरवा में दीपावली के मौके पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार और आरक्षी सागर सिंह ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं था।


स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शांति भंग होने व संज्ञेय अपराध की आशंका के मद्देनजर दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष के महेंद्र सोनकर, सुरेश सोनकर, संदीप सोनकर, दिलीप सोनकर, दीपक सोनकर, शक्ति सोनकर, मनोज सोनकर तथा द्वितीय पक्ष के राजकुमार, फुन्नन लाल, जयप्रकाश और मजेलाल शामिल हैं।
थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि सभी आरोपियों को थाने लाकर नियमानुसार जामा तलाशी ली गई, लेकिन किसी के पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।