आजमगढ़। जिले के निजामाबाद कस्बे में आज शाम पांच बजे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने मेला कमेटी और व्यापारियों के साथ बैठक कर घटना की जानकारी लेते हुए कहा कि जो भी दोषी पुलिसकर्मी होंगे, उनकी जानकारी उच्च अधिकारियों को देकर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि वह जिलाधिकारी आजमगढ़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए मेले में लोगों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले निजामाबाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग करेंगे।
व्यापारियों ने बताया कि निजामाबाद का भैयादूज मेला दशकों से ऐतिहासिक रूप से लगता आ रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। चूंकि यह मेला कस्बे में लगता है, इसलिए रात तक चलता है। इस बार निजामाबाद थाना पुलिस ने बाजारवासियों से जबरन धनउगाही की, जिसके कारण मेला कमेटी और पुलिस के बीच कहासुनी हुई।
व्यापारियों ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को देने के बाद किसी तरह मेला सम्पन्न हुआ, लेकिन थाना प्रभारी निजामाबाद ने कई बार लाठीचार्ज कर कई लोगों को घायल कर दिया और लेफ्टऑवर व पूजा के सामान को तोड़फोड़ दिया। इसके बाद सुबह दर्जनों लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर दिए गए।
व्यापारियों का कहना है कि थाना प्रभारी द्वारा पीस कमेटी की बैठक नहीं कराई गई और न ही प्रशासन द्वारा कोई गाइडलाइन दी गई थी। मेला वाले दिन व्यापारियों को परेशान किया गया और बेवजह मुकदमे दर्ज किए गए।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा जयनाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष शेर बहादुर सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह, संतोष कुमार गौड़, श्रीप्रकाश चौरसिया, दीपक सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
