आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के चांदनी चौक बाजार में बक्सा निर्माण की दुकान पर काम कर रहे एक कारीगर की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अंबेडकरनगर जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी रत्नाकर पांडेय (38) चार-पांच माह से अहरौला थाना क्षेत्र के चांदनी चौक बाजार स्थित पंकज गुप्ता की बक्सा निर्माण की दुकान पर बतौर कारीगर काम कर रहे थे।
शुक्रवार की शाम वे बक्से के निर्माण कार्य में व्यस्त थे कि अचानक प्रेशर मशीन का स्टार्टर बंद हो गया। परिजनों के अनुसार रत्नाकर भूतल पर बक्सा बनाने का कार्य कर रहे थे, जबकि ऊपर बाइक का शोरूम है। भूतल पर ही बाइक धुलाई के लिए प्रेशर मशीन लगी हुई थी। जब उन्होंने प्रेशर मशीन का स्टार्टर बंद करने की कोशिश की, तभी करंट उतरने से वे चिपक गए।
कुछ देर बाद साथी कर्मियों ने उन्हें बेहोश पाया। दुकान मालिक और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल आजमगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
