आजमगढ़। जिले के गरीब और वंचित परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। अब हर ग्राम पंचायत से जरूरतमंद परिवारों का चयन कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले में जीरो पॉवर्टी अभियान  के तहत गरीबी से जूझ रहे परिवारों की पहचान की जा रही है। इसके अंतर्गत हर ग्राम पंचायत से कम से कम 10 और बड़ी ग्राम पंचायतों से 25 गरीब परिवारों का चयन होगा।
जनपद की कुल 1811 ग्राम पंचायतों में यह प्रक्रिया शुरू हो गई है। पांच हजार या उससे अधिक आबादी वाली पंचायतों में 25 और छोटी पंचायतों में 10 परिवार चुने जाएंगे।
पूरा चयन एक परिवार, एक पहचान (फैमिली आईडी) पोर्टल के माध्यम से होगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। चयनित परिवारों को भोजन, वस्त्र, शिक्षा, चिकित्सा और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। इसके बाद उन्हें रोजगार से जोड़ा जाएगा।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार दोबारा निर्धनता की स्थिति में न पहुंचे। इस अभियान की सतत निगरानी की जाएगी।


डीडीओ संजय सिंह ने बताया कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और गरीबी की रेखा से ऊपर लाना है।