रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के महराजगंज कोतवाली परिसर स्थित फायर स्टेशन गेट के पास रविवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब चाय दुकानदार की पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर सिपाही की ही पिटाई कर दी गई। पुलिस ने दो भाजपा कार्यकर्ताओं समेत कई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज विकास खंड के रुद्रपुर क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ता फौजदार यादव रविवार देर शाम नशे की हालत में फायर स्टेशन गेट के पास स्थित चाय की दुकान पर पहुंचे और दुकानदार की पत्नी से गाली-गलौज एवं छेड़खानी करने लगे। उसी दौरान थाना पर तैनात सिपाही अभिषेक पांडेय अपनी दो वर्षीय बेटी को दवा दिलाने जा रहे थे। जब उन्होंने घटना का विरोध किया तो आरोपी को यह बात नागवार लगी और उन्होंने सिपाही पर हमला कर दिया।

आरोप है कि फौजदार यादव ने फोन कर अपने समर्थकों को बुला लिया, जिन्होंने मिलकर सिपाही को बुरी तरह पीट दिया। शोर सुनकर थाने से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मौके से भाजपा कार्यकर्ता फौजदार यादव और मोनू यादव को पकड़ लिया।

पीड़ित महिला की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया गया है, वहीं सिपाही की तहरीर पर तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमले का केस पुलिस ने दर्ज किया है।