रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात एक प्रतिबंधित पशु के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक के पास से तमंचा, कारतूस, चापड़, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और लकड़ी का ठीहा भी बरामद हुआ है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बीती रात उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा हमराहियों के साथ क्षेत्र में देखभाल व चेकिंग के दौरान चुनहवा तिराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि दो व्यक्ति एक प्रतिबंधित पशु को वध करने के लिए लेकर रौजासैफन पट्टी गांव की ओर से खालिसपुर की खजूर वाली बाग की तरफ जा रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को प्रतिबंधित पशु के साथ पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम आदिल पुत्र इश्तियाक निवासी कुरैशनगर, कस्बा जीयनपुर, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ बताया, जबकि उसका साथी रईस पुत्र रियाजुद्दीन निवासी खालिसपुर, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
आदिल के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, एक चापड़, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू व लकड़ी का ठीहा बरामद किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है ।
