रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के मार्टीनगंज नगर पंचायत की गोशाला में मिली गंभीर दुर्व्यवस्थाओं के बाद जिम्मेदारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। निरीक्षण में मृत पशुओं तक को चील-कौए नोंचते पाए जाने के बाद पहले मुकदमा दर्ज हुआ और अब अधिशासी अधिकारी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। 

मार्टीनगंज नगर पंचायत में संचालित गोशाला की दुर्दशा को लेकर अधिशासी अधिकारी आशीष कुमार राय के खिलाफ दीदारगंज थाने में मुकदमा पहले ही दर्ज हो चुका था। अब निदेशालय ने उन्हें निलंबित करते हुए निदेशालय से संबद्ध कर दिया है।

बताते चलें कि सोमवार को उप्र गौसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने मार्टीनगंज गोशाला का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गोशाला में भारी दुर्व्यवस्थाएं मिली थीं। मृत पशुओं को चील-कौए नोंचते हुए पाया गया था। उनके निर्देश पर दीदारगंज थाने में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत रामस्वारथ राजभर की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया।

इस मामले को लेकर डीएम रविंद्र कुमार ने भी खुद गोशाला का निरीक्षण किया था, जहां उन्हें कई गंभीर कमियां मिलीं। वहीं अब नगर निकायों के प्रभारी सीआरओ संजीव ओझा ने बताया कि गोशाला की देखरेख के साथ अन्य कार्यों में भी लापरवाही सामने आने पर निदेशालय की ओर से ईओ आशीष कुमार राय को निलंबित कर दिया गया है और उन्हें निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है।