रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया, आज़मगढ़।  गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास स्थित एक ईंट भट्ठे के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव मिलने से स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मजदूरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से सटे एक ईंट भट्ठे पर सुबह लगभग 10:30 बजे काम पर पहुंचे दो मजदूरों ने मिट्टी के ढेर पर एक व्यक्ति को पेट के बल पड़ा देखा। नजदीक जाकर जांच करने पर वह मृत पाया गया। जिसके बाद मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना भट्ठा मालिक केशव सिंह को दी। भट्ठा मालिक मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही एसएसआई पवन सिंह, उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मृतक के नाक से खून बहने के निशान मिले और वह पेट के बल लेटा हुआ था। उसके पैर के पास मिट्टी कुरेदने के निशान भी दिखाई पड़े। मौके से पुलिस को 4 हजार रुपये नकद भी मिले।

जानकारी के बाद सीओ सगड़ी अनिल वर्मा और थानाध्यक्ष अहिरौला अमित कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ करते हुए शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में तस्वीर साझा की।

पड़ोसी थानों से संपर्क कर जानकारी मिलाने पर पुष्टि हुई कि मृतक फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर कस्बा निवासी विनोद बरनवाल (52 वर्ष), पुत्र श्रीप्रकाश बरनवाल हैं, जो दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे।

परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि विनोद बरनवाल 4 दिसंबर को बुढ़नपुर क्षेत्र स्थित एक रिश्तेदार के यहां गए थे, जिसके बाद से गायब थे। मृतक के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

पुलिस ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से पूछताछ कर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।